पावर प्लांट में करंट से हादसा: एक कर्मचारी की मौत, 12 लाख मुआवजा और नौकरी का आश्वासन

कोरबा। हसदेव थर्मल पावर स्टेशन (एचटीपीएस) में 7 अगस्त को हुए दर्दनाक हादसे में करंट की चपेट में आए दो कर्मचारियों में से एक ठेका कर्मी की रायपुर के कालड़ा हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 15 अगस्त को मृत्यु हो गई।

मृतक अयोध्यापुरी दर्री का निवासी था। दूसरा घायल जूनियर इंजीनियर अभी भी अस्पताल में भर्ती है।

हादसा उस समय हुआ जब एक निजी कंपनी के ठेका कर्मी यार्ड में क्लीनिंग और टाइटनेस का काम कर रहे थे। लाइव ब्रेकर की चपेट में आने से ठेका कर्मी गंभीर रूप से झुलस गया। उसे बचाने के प्रयास में जूनियर इंजीनियर भी घायल हो गया। दोनों को तुरंत रायपुर के कालड़ा हॉस्पिटल ले जाया गया, लेकिन ठेका कर्मी की जान नहीं बच सकी।

मृतक के परिजनों ने मुआवजे और नौकरी की मांग को लेकर हंगामा किया। प्रबंधन ने 12 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई।

पुलिस ने निजी कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि ठेका कर्मियों की सुरक्षा में लापरवाही के आरोपों की गहन जांच की जा रही है।