स्कॉर्पियो पर खतरनाक स्टंटबाजी का वीडियो वायरल, पुलिस ने 10 युवकों के खिलाफ की कार्रवाई

जांजगीर-चांपा जिले में स्कॉर्पियो वाहन पर तेज रफ्तार में खतरनाक स्टंटबाजी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। वीडियो में कुछ युवक वाहन के बोनट पर बैठकर और खिड़की से बाहर निकलकर अपनी जान जोखिम में डालते हुए स्टंट करते दिखाई दे रहे हैं। वायरल वीडियो पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पामगढ़ पुलिस ने स्टंटबाजी करने वाले 10 युवकों को पकड़ा और उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय (IPS) के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में पामगढ़ थाना पुलिस ने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम को ध्यान में रखते हुए त्वरित कार्रवाई की। पुलिस ने पामगढ़ क्षेत्र के दुपट्टा मोड़ के पास स्कॉर्पियो वाहन चालक सहित 10 युवकों को हिरासत में लिया। इनमें 2 बालिक और 8 विधि से संघर्षरत बालक शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो में दिख रहे युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई है।

इस तरह की स्टंटबाजी न केवल स्वयं के लिए खतरनाक है, बल्कि सड़क पर अन्य लोगों की सुरक्षा को भी जोखिम में डालती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें और इस तरह की खतरनाक गतिविधियों से बचें।