9 महीने की मासूम ने जहरीले सांप को दांतों से चबाकर मार डाला, गांव वाले हैरान

जगदलपुर के परपा थाना क्षेत्र के ग्राम कोयेनार में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज 9 महीने की मासूम मानवी कश्यप ने खेल-खेल में ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसने पूरे गांव को दंग कर दिया। बच्ची ने जहरीले करैत सांप को खिलौना समझकर पकड़ा और अपने दांतों से चबाकर मार डाला। हैरानी की बात यह है कि इस घटना में मानवी पूरी तरह सुरक्षित रही।

घटना 13 अगस्त की है, जब मानवी की मां दीपिका की तबीयत खराब थी और परिवार के अन्य सदस्य खेत में काम कर रहे थे। दीपिका ने मानवी को कमरे में खेलने के लिए छोड़ दिया था। इसी दौरान, दरवाजे के पीछे छुपा एक जहरीला करैत सांप रेंग रहा था। मानवी ने उसे खिलौना समझकर पकड़ लिया और दांतों से काटना शुरू कर दिया। बच्ची के तेज वार से सांप ने कुछ ही पलों में दम तोड़ दिया।

मां ने जब यह नजारा देखा तो घबराकर तुरंत परिजनों को बुलाया। परिवार ने मानवी को फौरन जगदलपुर के मेकाज अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने 24 घंटे तक बच्ची की निगरानी की और जांच के बाद उसे पूरी तरह स्वस्थ पाया। अगले दिन मानवी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

इस घटना के बाद गांव में मानवी की बहादुरी की चर्चा जोरों पर है। ग्रामीण उसे प्यार से “नन्ही शेरनी” कहकर पुकार रहे हैं, जिसने बिना डरे खतरनाक करैत सांप का सामना किया और जीत हासिल की। यह घटना न केवल हैरान करने वाली है, बल्कि मासूम की नन्ही ताकत का अनोखा उदाहरण भी बन गई है।