13 साल के बच्चे की हत्या का खुलासा, मोबाइल के लिए गला दबाकर मार डाला, आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र में 15 दिन से लापता 13 साल के बच्चे चिन्मय सूर्यवंशी की हत्या का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। हत्यारा कोई और नहीं, बल्कि गांव का ही 19 वर्षीय युवक छत्रपाल सूर्यवंशी निकला, जिसने मोबाइल छीनने के लिए मासूम की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गांव के बंद स्कूल के कमरे में छिपा दिया। 15 दिन बाद कमरे से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों ने शव बरामद किया, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

रतनपुर थाना प्रभारी नरेश कुमार चौहान ने बताया कि 31 जुलाई को भरारी गांव के संजय सूर्यवंशी का बेटा चिन्मय घर से लापता हो गया था। स्वजनों की शिकायत पर पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर तलाश शुरू की थी। दो पुलिस टीमें जांच में लगी थीं—एक तकनीकी साक्ष्य जुटा रही थी, तो दूसरी गांव में छानबीन कर रही थी। इस बीच, गांव के बंद स्कूल के कमरे से तेज दुर्गंध की सूचना पर ग्रामीणों ने कमरा खोला, जहां चिन्मय का क्षत-विक्षत शव मिला।

सूचना पर रतनपुर पुलिस, एएसपी अर्चना झा, और एसडीओपी नुपूर उपाध्याय मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने जांच की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सिम्स भेजा गया। पूछताछ में पता चला कि चिन्मय अपने दोस्त छत्रपाल के साथ मोबाइल पर गेम खेलता था। पुलिस को पहले से ही छत्रपाल पर शक था, क्योंकि वह पूछताछ में गुमराह करने की कोशिश कर रहा था।

कड़ी पूछताछ में छत्रपाल ने हत्या कबूल कर ली। उसने बताया कि उसने मोबाइल छीनने के लिए चिन्मय का गला दबाया और हत्या के बाद शव को स्कूल के कमरे में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चिन्मय का मोबाइल बरामद किया और उसे न्यायालय के आदेश पर जेल भेज दिया।

इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है, ताकि अन्य पहलुओं का भी खुलासा हो सके।