कोरबा। जिले के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के रामपुर में स्थित एक सरकारी देसी और विदेशी शराब दुकान में चोरों ने सेंधमारी कर हजारों रुपये की शराब चुरा ली। चोरों ने बड़ी चालाकी से दुकान की पीछे की दीवार में छेद किया और उस रास्ते से अंदर घुसकर देसी शराब और बीयर की बोतलें लेकर फरार हो गए। गनीमत रही कि काउंटर में रखा नकद पैसा चोर नहीं ले जा सके।
घटना का खुलासा 16 अगस्त की सुबह हुआ, जब दुकान के कर्मचारी शटर खोलने पहुंचे। दुकान के अंदर का मंजर देखकर उनके होश उड़ गए। दुकान के सेल्समेन सूरज साहू ने बताया कि 14 अगस्त की रात 10 बजे दुकान बंद कर सभी कर्मचारी घर चले गए थे। 15 अगस्त को शासकीय अवकाश के कारण दुकान बंद रही। 16 अगस्त की सुबह जब दुकान खोली गई, तब ताला तो सुरक्षित था, लेकिन पीछे की दीवार में बड़ा छेद देखकर चोरी का पता चला।
सूरज साहू ने बताया कि दुकान में सेल्समेन, सुपरवाइजर, मुंशी और दो अन्य कर्मचारी कार्यरत हैं। चोरों ने दीवार तोड़कर देसी और अंग्रेजी शराब की कई बोतलें चुराईं, जिनका आंकलन किया जा रहा है। हालांकि, काउंटर में रखी नकदी सुरक्षित रही।
सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस और आबकारी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और चोरी की गई शराब की मात्रा का आकलन करने में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में दीवार में छेद कर चोरी करने की पुष्टि हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर चोरों की तलाश में जुट गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
