भीषण सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत, 1 की हालत गंभीर

राजनांदगांव जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। यह हादसा बागनदी थाना क्षेत्र के चिरचारी के पास सुबह करीब 6 बजे हुआ, जब इंदौर से ओड़िशा के पुरी जा रही एक आर्टिगा कार (MP09DH8684) अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई और सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए।

हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में चार युवक मध्य प्रदेश के थे, जिनमें से तीन इंदौर और एक धार जिले का निवासी था। अन्य दो मृतक ओड़िशा के रहने वाले थे। घायल व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है, और उसका इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, कार सवार लोग पुरी में भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए जा रहे थे। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि कार की तेज रफ्तार और चालक का नियंत्रण खो देना हादसे का मुख्य कारण हो सकता है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हादसे की खबर से मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय प्रशासन ने मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और घायल के इलाज की व्यवस्था की जा रही है।