कोरबा। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) दिनेश कुमार नाग ने सोमवार को कोरबा में प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना, प्रधानमंत्री जनमन योजना, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) और स्वच्छ भारत मिशन के कार्यों की गहन समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जनपद पंचायत के सीईओ और उपखंड अधिकारियों (एसडीओ) को ग्रामीण क्षेत्रों का नियमित दौरा करने और सरपंच-सचिवों के माध्यम से लाभार्थियों को आवास निर्माण समय पर पूर्ण करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए।
सीईओ श्री नाग ने आवास निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए सभी आवासों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का आदेश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत लाभार्थियों को आरसेटी के माध्यम से राजमिस्त्री कार्य का प्रशिक्षण प्रदान करने के निर्देश भी दिए।
खनिज न्यास और मनरेगा कार्यों पर जोर
खनिज न्यास संस्थान मद के तहत वर्ष 2016-17 से 2022 तक के लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, चालू वित्तीय वर्ष में स्वीकृत स्कूल, आंगनबाड़ी भवन और पीडीएस गोदाम निर्माण कार्यों को 15 सितंबर तक शुरू करने का आदेश दिया गया।
मनरेगा की समीक्षा के दौरान सीईओ ने मोर गांव-मोर पानी अभियान के तहत प्रशिक्षण और दीवाल लेखन कार्य जल्द पूर्ण करने, एक पेंड-मॉं के नाम अभियान के तहत पूर्ण आवास परिसरों में पौधारोपण कराने और वित्तीय वर्ष 2022-23 व 2023-24 के सभी कार्यों को शत-प्रतिशत पूर्ण कर समापन प्रमाणपत्र (सीसी) जारी करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त, सभी आंगनबाड़ी निर्माण कार्य 2 अक्टूबर 2025 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस, युक्तधारा पोर्टल पर कार्यों में तेजी
समीक्षा बैठक में अनुपस्थित तकनीकी सहायकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही, युक्तधारा पोर्टल पर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार कार्य स्वीकृति, सामाजिक अंकेक्षण के लंबित प्रकरणों का निराकरण और वसूली कार्य शीघ्र पूर्ण करने का आदेश दिया गया।
बैठक में जिला पंचायत के लेखाधिकारी, सहायक परियोजना अधिकारी, एसडीओ (आरईएस), सभी जनपद पंचायतों के सीईओ, कार्यक्रम अधिकारी, तकनीकी सहायक और अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















