रायपुर। 79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान 2 से 15 अगस्त 2025 तक तीन चरणों में आयोजित किया जाएगा। ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’ थीम पर आधारित इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों में देशभक्ति और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना है। साथ ही स्वच्छता और जल संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना भी इस कार्यक्रम का हिस्सा है।
तीन चरणों में होगा आयोजन
प्रथम चरण (2-8 अगस्त): इस चरण में विद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों को तिरंगा आर्ट और रंगोली से सजाया जाएगा। तिरंगे के इतिहास पर प्रश्नोत्तरी, तिरंगा राखी निर्माण कार्यशालाएं, पत्र लेखन प्रतियोगिताएं और तीन रंगों के धागों से तिरंगे की बुनाई का प्रदर्शन आयोजित होगा।
द्वितीय चरण (9-12 अगस्त): इस दौरान तिरंगा मेला, तिरंगा कंसर्ट, रैली, बाइक और साइकिल रैली जैसे आयोजन होंगे। इनमें जनप्रतिनिधियों, खिलाड़ियों और प्रतिभाशाली व्यक्तियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कंसर्ट में देशभक्ति से प्रेरित सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
तृतीय चरण (13-15 अगस्त): इस चरण में शासकीय भवनों, शैक्षणिक संस्थानों, होटलों, कार्यालयों, बांधों और पुलों पर तिरंगा फहराया जाएगा और रोशनी की जाएगी। स्वच्छता और जल संरक्षण से संबंधित गतिविधियां भी आयोजित होंगी।
व्यापक प्रचार-प्रसार और सहभागिता
अभियान के तहत सभी शासकीय और आवासीय भवनों पर तिरंगा फहराया जाएगा। भवनों को रोशनी से सजाया जाएगा और सेल्फी ज़ोन बनाए जाएंगे। पंपलेट, बैनर और स्टैंडीज़ के माध्यम से स्थानीय भाषाओं में प्रचार किया जाएगा। ग्राम पंचायतों, नगरीय निकायों, स्व-सहायता समूहों और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। कॉरपोरेट और निजी संगठनों को भी सीएसआर के माध्यम से सहयोग के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
तिरंगे का वितरण और बिक्री
राज्य के डाकघरों और उचित मूल्य की दुकानों को तिरंगे के वितरण-बिक्री केंद्र के रूप में नामित किया गया है। स्थानीय स्व-सहायता समूहों को तिरंगा निर्माण के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। टोल नाकों और चेक पोस्टों पर पंपलेट्स और स्टीकर्स वितरित किए जाएंगे।
संस्कृति विभाग ने सभी जिला कलेक्टरों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अभियान की जानकारी www.harghartiranga.com पर उपलब्ध होगी, और सोशल मीडिया के माध्यम से इसका व्यापक प्रचार किया जाएगा। यह अभियान नागरिक एकता, स्वतंत्रता और स्वच्छता के उत्सव को एक साथ जोड़ने का एक अनूठा प्रयास है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677