सड़कों पर मवेशियों का कब्जा, हादसों का खतरा बढ़ा, नगर निगम की कार्रवाई नाकाफी

कोरबा। शहर के चौक-चौराहों पर आवारा मवेशियों का जमावड़ा एक गंभीर समस्या बन गया है। सर्वमंगला तिराहा, पावर हाउस रोड, बुधवारी बाजार, वीआईपी रोड, कोसाबाड़ी मार्ग, इतवारी बाजार, सीतामणी जैसे व्यस्ततम मार्गों पर मवेशी सड़कों पर बैठे रहते हैं या अचानक वाहनों के सामने कूद जाते हैं, जिससे वाहन चालकों और मवेशियों दोनों को खतरा हो रहा है। बारिश के मौसम में यह समस्या और बढ़ गई है, क्योंकि मवेशी मालिक अपने पशुओं को गौठान में रखने के बजाय सड़कों पर छोड़ रहे हैं।

नगर निगम द्वारा मवेशियों को हटाने के लिए कार्रवाई की जा रही है, लेकिन यह नाकाफी साबित हो रही है। मवेशियों के सड़क पर बैठने या आपस में झगड़ने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं।

कई बार मवेशी अचानक सड़क पर आ जाते हैं, जिससे दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं और चारपहिया वाहन अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। भारी वाहनों के दबाव वाले मार्गों पर बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों ने जिम्मेदार विभाग से मवेशियों को सड़कों से हटाने और लापरवाह मवेशी मालिकों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।

नगर निगम की निष्क्रियता के कारण यह समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। प्रशासन से अनुरोध है कि सड़कों को मवेशी मुक्त करने और हादसों को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।