डोंगरगढ़ में कोरबा की युवती से दुष्कर्म, यूपी का आरोपित कर्नाटक से गिरफ्तार

कोरबा/ छत्तीसगढ़। डोंगरगढ़ में कोरबा की एक युवती से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ निवासी आरोपित विकास सिंह को कर्नाटक से गिरफ्तार किया है। पीड़िता की शिकायत पर कोरबा कोतवाली थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। जांच के बाद पुलिस ने आरोपित को जेल भेज दिया।

पीड़िता ने बताया कि वर्ष 2020 में फेसबुक के माध्यम से विकास सिंह से उनकी दोस्ती हुई थी, जो बाद में प्रेम प्रसंग में बदल गई। दोनों ने शादी करने की बात भी की थी, जिसकी जानकारी आरोपित के परिवार को थी। जुलाई 2023 में दोनों डोंगरगढ़ के मंदिर दर्शन के लिए आए और एक लॉज में दो दिन रुके।

इस दौरान आरोपित ने शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाए। प्रेम प्रसंग दो-तीन साल तक चला, लेकिन बाद में पीड़िता को धोखे का एहसास हुआ, जिसके बाद उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार आरोपित को कर्नाटक से गिरफ्तार किया और उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले की जांच जारी है।