तिवरता के पंचायत भवन को नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत ने बताया ‘अद्भुत’

सरकारी निधि से निर्मित भवन की सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना, प्रदेश की अन्य पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भ्रमण कराने का दिया सुझाव

कोरबा।पाली-तानाखार विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत तिवरता में नवनिर्मित पंचायत भवन का लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने समारोह में शामिल होकर भवन का अवलोकन किया। उन्होंने इसकी संरचना, उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अद्भुत पहल बताया। भवन का निर्माण सरकारी निधि से किया गया है।

समारोह में विधायक तुलेश्वर मरकाम, प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह, प्रशांत मिश्रा, मनोज चौहान सहित ग्राम पंचायत तिवरता के सरपंच, पंचायत प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

डॉ. महंत ने भवन का निरीक्षण करते हुए कहा कि पंचायत भवन ग्रामीणों की समस्याओं के निराकरण और विकास कार्यों के संचालन का महत्वपूर्ण केंद्र होता है। बेहतर सुविधाओं से युक्त भवन ग्राम पंचायत के प्रशासनिक कामकाज को सुचारु बनाने के साथ ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक होता है।

अन्य पंचायतों के जनप्रतिनिधियों को भ्रमण कराने का सुझाव
डॉ. महंत ने पंचायत के जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए शासन-प्रशासन से सुझाव दिया कि प्रदेश की अन्य ग्राम पंचायतों के सरपंचों, पंचों और जनप्रतिनिधियों को तिवरता पंचायत भवन का भ्रमण कराया जाए। इससे वे यहां की संरचना, सुविधाओं और व्यवस्थाओं को देखकर अपनी पंचायतों में भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि अच्छी पहल का दूसरी पंचायतों में अनुकरण होने से ग्रामीण विकास को गति मिल सकती है।

मजबूत पंचायतें ही ग्रामीण विकास का आधार
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि छत्तीसगढ़ के समग्र विकास के लिए ग्राम पंचायतों को मजबूत और सुविधायुक्त बनाना आवश्यक है। प्रत्येक पंचायत में ऐसा आधारभूत ढांचा होना चाहिए, जहां प्रशासनिक कामकाज व्यवस्थित ढंग से संचालित हो और ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने तिवरता जैसे प्रयासों को प्रोत्साहित करने और प्रदेश की अन्य पंचायतों में भी आधारभूत सुविधाओं का विस्तार करने की आवश्यकता पर जोर दिया।