श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने दी भावपूर्ण प्रस्तुतियां, मानस गायक पंडित शिवराज शर्मा के भजनों ने बांधा समां
कोरबा। मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल, कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में शरद पूर्णिमा के अवसर पर दुरपा रोड स्थित परशुराम भवन में श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। शरदोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने मानस की चौपाइयों और दोहों का सस्वर वाचन करते हुए उनमें निहित भक्ति, मर्यादा, संस्कार और जीवन-मूल्यों को भावपूर्ण ढंग से प्रस्तुत किया।
वहीं, राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक एवं सुप्रसिद्ध मानस गायक पंडित शिवराज शर्मा के भजनों से पूरा भवन रामभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा।
प्रतियोगिता में अंशु शर्मा, हर्ष नारायण शर्मा, प्रतिभा शर्मा, उर्मिला शर्मा, ममता शर्मा और ममता ललित शर्मा सहित अन्य प्रतिभागियों ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित समाजजनों का मन मोह लिया। किसी ने निर्मल मन और निष्कपट भक्ति का संदेश दिया, तो किसी ने सत्संग, मानव जीवन की महत्ता तथा माता-पिता और गुरुजनों के प्रति सम्मान के महत्व को चौपाइयों के माध्यम से रेखांकित किया।
चौपाइयों के माध्यम से जीवन-मूल्यों का संदेश
श्रीमती अंशु शर्मा ने “निर्मल मन जन सो मोहि पावा, मोहि कपट छल छिद्र न भावा” चौपाई के माध्यम से मन की निर्मलता और निष्कपट भक्ति का संदेश दिया। मास्टर हर्ष नारायण शर्मा ने “गगन चढ़इ रज पवन प्रसंगा, कीचहिं मिलइ नीच जल संगा” चौपाई प्रस्तुत कर संगति के प्रभाव को रेखांकित किया।
श्रीमती प्रतिभा शर्मा ने “बड़े भाग मानुष तनु पावा, सुर दुर्लभ सब ग्रंथन्हि गावा” चौपाई के जरिए मानव जीवन की महत्ता बताई। वहीं, श्रीमती उर्मिला शर्मा ने “प्रातकाल उठि कै रघुनाथा। मातु पिता गुरु नावहिं माथा॥” का सस्वर वाचन कर माता-पिता और गुरुजनों के प्रति सम्मान की भावना को अभिव्यक्त किया।
श्रीमती ममता शर्मा ने “बिनु सत्संग विवेक न होई। राम कृपा बिनु सुलभ न सोई॥” चौपाई के माध्यम से सत्संग की महिमा और विवेक की प्राप्ति में प्रभु श्रीराम की कृपा के महत्व को बताया। श्रीमती ममता ललित शर्मा ने “तात स्वर्ग अपबर्ग सुख धरिअ तुला एक अंग। तूल न ताहि सकल मिलि जो सुख लव सतसंग॥” दोहे का वाचन करते हुए सत्संग से मिलने वाले आध्यात्मिक सुख की महत्ता प्रस्तुत की।
अन्य प्रतिभागियों ने भी चयनित चौपाइयों और दोहों का वाचन एवं भावार्थ प्रस्तुत किया। उनकी प्रस्तुतियों में श्रीरामचरितमानस के आदर्शों, सदाचार, कर्तव्य, प्रेम, त्याग और मर्यादा के संदेश प्रमुखता से उभरे।
पंडित शिवराज शर्मा के भजनों से भक्तिमय हुआ माहौल
प्रतियोगिता में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित, श्रेष्ठ शिक्षक एवं सुप्रसिद्ध मानस गायक पंडित शिवराज शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करने के साथ अपनी संगीतमयी मानस प्रस्तुति और भजनों से कार्यक्रम को विशेष गरिमा प्रदान की। उनके सुमधुर स्वरों में गूंजते रामभजनों ने उपस्थित श्रद्धालुओं को भक्ति-रस में सराबोर कर दिया। श्रोताओं ने उनकी गायकी की सराहना की।
इस अवसर पर मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने पंडित शिवराज शर्मा को पुष्पहार पहनाकर तथा शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया।
नई पीढ़ी को संस्कारों से जोड़ने का प्रयास
कार्यक्रम के संयोजक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कहा कि श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता का उद्देश्य प्रतिभाओं को मंच देने के साथ मानस में निहित जीवन-दर्शन, संस्कारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाना है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने और धार्मिक साहित्य के प्रति रुचि बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिभागियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता और पंडित शिवराज शर्मा की संगीतमयी प्रस्तुति ने आयोजन को यादगार बना दिया।
समिति अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी प्रतिभागियों, अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार जताया। मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल की अध्यक्ष श्रीमती रेणु पुजारी ने भी समाज के सदस्यों, महिलाओं और बच्चों की सहभागिता के लिए धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम केअंत में आरती की गई,जिसके बाद उपस्थितजनों ने प्रसाद ग्रहण किया। शरद पूर्णिमा की यह संध्या श्रीरामभक्ति,सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता के वातावरण में संपन्न हुई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















