कोरबा निगम को 2025-26 के लिए 18.03 करोड़ की मंजूरी, 72 विकास कार्यों को मिलेगी रफ्तार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के संचालनालय, नगरीय प्रशासन एवं विकास ने नगर निगम कोरबा को वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अधोसंरचना मद में 72 विकास कार्यों के लिए 18.03 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है।

इस राशि से शहर के 67 वार्डों में सड़क, नाली, पुलिया, प्रकाश व्यवस्था और सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को बढ़ावा मिलेगा।

महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उप मुख्यमंत्री व नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव और कोरबा विधायक लखनलाल देवांगन का आभार जताया।

उन्होंने कहा कि यह स्वीकृति कोरबा के समग्र विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगी। महापौर ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि छत्तीसगढ़ की ट्रिपल इंजन सरकार कोरबा के विकास के लिए निरंतर प्रतिबद्ध रहेगी।