कोरबा।कोरबा वन मंडल में हाथी उत्पात की समस्या ने एक बार फिर गंभीर रूप अख्तियार कर लिया है। शुक्रवार सुबह कुदमुरा रेंज के तौलीपाली जंगल में एक हाथी ने एक महिला पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों से कुदमुरा रेंज में हाथियों का एक समूह, जिसमें एक दंतैल हाथी भी शामिल है, भटक रहा था। शुक्रवार सुबह एक महिला जंगल में गई थी, जहां उसका सामना हाथी से हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाथी ने महिला को उठाकर पटक दिया, जिससे उसकी तत्काल मृत्यु हो गई। घटना के दौरान हाथी की चिंघाड़ और महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोगों को हादसे का अंदेशा हुआ।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना वन विभाग और करतला पुलिस को दी। सूचना मिलते ही एसडीओ फॉरेस्ट सूर्यकांत सोनी, टीआई केके वर्मा और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहां महिला का शव अत्यंत क्षत-विक्षत हालत में पाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका मानसिक रूप से अस्वस्थ थी और लंबे समय से इस क्षेत्र में देखी जा रही थी। उसकी पहचान और अन्य जानकारी अभी जुटाई जा रही है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर पंचनामा और पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वन विभाग और पुलिस की टीमें स्थिति पर नजर रख रही हैं और आगे की कार्रवाई में जुट गई हैं। इस घटना ने कोरबा वन मंडल में बढ़ते हाथी उत्पात की समस्या को फिर से उजागर किया है, जिससे स्थानीय निवासियों में भय और आक्रोश बढ़ रहा है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677