मत्स्याखेट पर प्रतिबंध: मछली पालन विभाग की सख्त कार्रवाई

कोरबा। मछली पालन विभाग ने जिले में शासन द्वारा घोषित बंद ऋतु (16 जून से 15 अगस्त) के दौरान मत्स्याखेट पर प्रतिबंध को सख्ती से लागू करने के लिए कदम उठाए हैं। मंगलवार को विभाग की टीम ने हसदेव नदी के जामकछार, घोंसरा, गड़रा (मिडियाकछार) और बांगो जलाशय के एतमानगर क्षेत्र में औचक छापेमारी की।

सहायक संचालक, मत्स्य विभाग ने बताया कि इस दौरान गड़रा (मिडियाकछार) में मछुआरे जाल छोड़कर भाग गए, जबकि जामकछार (पठानघाट) और घोंसरा में स्थानीय मछुआरों को चेतावनी दी गई। अवैधानिक मत्स्याखेट करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है। विभाग की टीमें दिनभर विभिन्न स्थानों पर छापेमारी करती रहीं, और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

विभाग ने आमजन से अपील की है कि प्रतिबंधित अवधि में नदी, नाले और जलाशयों में मत्स्याखेट से बचें, ताकि मछली प्रजातियों का संरक्षण हो सके।