विश्व सर्प दिवस पर छात्राओं ने दिखाई जिज्ञासा, नोवा नेचर सोसायटी ने किया जागरूकता कार्यक्रम

कोरबा। विश्व सर्प दिवस के अवसर पर कोरबा के अग्रसेन कॉलेज में नोवा नेचर सोसायटी ने एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें 200 से अधिक छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

बीए, बीकॉम, बीएससी जूलॉजी और बी.एड. की छात्राओं ने सांपों की प्रजातियों, उनके विषैले और गैर-विषैले स्वभाव, और उनसे डरने की आवश्यकता जैसे विषयों पर जिज्ञासा दिखाई और आयोजकों से कई रोचक सवाल पूछे।

रेस्क्यू टीम प्रभारी जितेंद्र सारथी ने विषैले और गैर-विषैले सांपों की पहचान, सर्पदंश की स्थिति में प्राथमिक उपचार, और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी।

नोवा नेचर सोसायटी के जीव विज्ञानी सिद्धांत जैन ने सांपों की शरीर रचना, पारिस्थितिकी तंत्र में उनके महत्व, सर्पविष के दुष्प्रभाव और उपचार के बारे में बताया।

कार्यक्रम में कोरबा एसडीओ सूर्यकांत सोनी, भूपेंद्र जगत, अग्रसेन कॉलेज के अध्यक्ष सुनील जैन, प्राचार्य डॉ. मनोज कुमार झा, एनईपी नोडल अधिकारी अंजना चौधरी, प्राध्यापक और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

यह आयोजन सांपों के प्रति जागरूकता और उनके संरक्षण के महत्व को रेखांकित करने में सफल रहा।