कोरबा। चोरी के इरादे से घर में घुसकर 60 वर्षीय महिला की हत्या करने वाले आरोपी को कोरबा की कटघोरा कोर्ट ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही आरोपी पर आर्थिक दंड भी लगाया गया है। यह जघन्य घटना 14 सितंबर 2022 को हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम धतुरा बस्तीपारा में हुई थी।
महामाया मंदिर के पास रहने वाली कलाबाई राठौर की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई थी। शाम करीब 7 बजे जब उनका पुत्र मनीष राठौर मां का हाल जानने घर पहुंचा, तो सामने का दरवाजा भीतर से बंद मिला। काफी देर तक खटखटाने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला। पीछे के रास्ते से घर में प्रवेश करने पर उसने अपनी मां को लहूलुहान हालत में बिस्तर पर मृत पाया।
मौके पर खून से सना पत्थर का लोढ़ा बरामद हुआ। पुलिस के स्नेपर डॉग की मदद से आरोपी पवन कुमार कौशिक (26 वर्ष) तक पहुंचा गया, जिसने पूछताछ में अपराध कबूल किया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी दो बार चोरी के इरादे से कलाबाई के घर में घुसा था, जिसके लिए उसे पंचायत ने समझाइश दी थी। इस बार चोरी के दौरान महिला के जाग जाने पर आरोपी ने पत्थर से हमला कर उनकी हत्या कर दी।
प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश कटघोरा श्रीमती मधु तिवारी की अदालत में सुनवाई के बाद अपराध सिद्ध होने पर आरोपी को आजीवन कारावास और अर्थदंड की सजा सुनाई गई।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















