गुरु पूर्णिमा पर मंत्री लखन लाल देवांगन ने की विशेष पूजा, सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा

कोरबा। नगर विधायक, वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन ने गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर रिसदी स्थित सद्गुरु कबीर आश्रम में विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने सतगुरु कबीर साहेब के तैल्य चित्र पर पुष्प अर्पण कर बंदगी की और चौका आरती के साथ प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इस दौरान उन्होंने संतों का आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

मंत्री श्री देवांगन ने इस अवसर को विशेष बताते हुए आश्रम से अपने पुराने जुड़ाव को याद किया। उन्होंने आश्रम परिसर में 25 लाख रुपये की लागत से सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि विधानसभा और नगर निगम चुनाव में जनता के आशीर्वाद से भाजपा को रिकॉर्ड मतों से जीत मिली।

डबल इंजन सरकार ने कोरबा नगर निगम के सभी वार्डों में पहले वित्तीय वर्ष में 400 करोड़ रुपये के कार्यों की स्वीकृति दी, जिनका कार्य तेजी से चल रहा है। इस वित्तीय वर्ष में भी करोड़ों रुपये के कार्य स्वीकृत किए गए हैं, जिनके टेंडर की प्रक्रिया को गति दी जा रही है।

कार्यक्रम में परम पूज्य महंत ज्ञानेश्वर साहेब का आशीर्वाद प्राप्त हुआ। इस अवसर पर गुरु शरण चंद्रा, यशोदा चंद्रा, माया, मंडल अध्यक्ष राजेश राठौर, लखन चंद्रा, पार्षद प्रताप सिंह, जीवेन्द्र चंद्रा, नन्द कुमार चंद्रा, चन्द्रिका चंद्रा, नारायण गभेल, प्यारे लाल गभेल, हेमंत गभेल, रेशम महंत सहित समाज के प्रमुख लोग उपस्थित रहे।