उप संचालक जुली तिर्की के स्थानांतरण के बाद भी पद पर बने रहने पर पुनः भारमुक्त करने का आदेश

कोरबा। जिला पंचायत की उप संचालक जुली तिर्की के स्थानांतरण के बाद भी उनके पद पर बने रहने के मामले में पंचायत संचालनालय ने सख्त रुख अपनाया है। सुश्री तिर्की का स्थानांतरण 20 जनवरी 2025 को उप संचालक, सारंगढ़-बिलाईगढ़ कार्यालय के लिए किया गया था, लेकिन वे अब तक अपने पद पर जमी हुई हैं।

छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अवर सचिव द्वारा जारी आदेश (क्रमांक 201/आर-1136/2024/22-1, दिनांक 20-01-2025) के अनुसार, सुश्री तिर्की को एकतरफा भारमुक्त करने का निर्देश दिया गया था। इसके बावजूद उनके पद पर बने रहने के कारण पंचायत संचालनालय ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरबा को पत्र जारी कर तत्काल प्रभाव से उन्हें भारमुक्त करने का निर्देश दिया है।

पत्र में स्पष्ट किया गया है कि सुश्री तिर्की को नवीन पदस्थापना कार्यालय, उप संचालक, पंचायत जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के लिए तत्काल भारमुक्त किया जाए।

इस मामले में शासन के आदेशों का पालन सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को दी गई है।