श्री शिव महापुराण कथा स्थल परिवर्तन, शिवभक्तों में निराशा; अब मीरा रिसोर्ट में होगी कथा

कोरबा। श्रावण मास के पावन अवसर पर ग्राम कनबेरी में प्रस्तावित श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन स्थल बदल गया है। पहले इंदिरा स्टेडियम, फिर छुरी में होने वाली यह कथा अब कुदुरमाल के मीरा रिसोर्ट में आयोजित होगी।

कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा 12 से 18 जुलाई तक दोपहर 1 से शाम 4 बजे तक कथा सुनाएंगे। विशेष सहयोग देने वाले यजमानों के लिए कथा श्रवण की व्यवस्था की गई है, जबकि आमजन आस्था चैनल व अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से कथा सुन सकेंगे।सावन माह की भारी बारिश और आयोजनकर्ताओं व प्रशासनिक समन्वय की कमी के कारण स्थल चयन में हुई चूक ने शिवभक्तों को निराश किया है।

पंडित प्रदीप मिश्रा के अनुयायी, खासकर ग्रामीण अंचलों में, उनके प्रत्यक्ष दर्शन और कथा श्रवण के लिए उत्साहित थे।

जो भक्त सीहोर नहीं जा सकते, उनके लिए यह सुनहरा अवसर था, लेकिन अब ऑनलाइन माध्यम ही एकमात्र विकल्प है। इससे जिले के शिवभक्तों में मायूसी छाई हुई है।