यूजी प्रथम वर्ष प्रवेश में गवर्नमेंट कॉलेजों की बल्ले-बल्ले, प्राइवेट कॉलेजों में कम रुचि

कोरबा जिले में स्नातक प्रथम वर्ष के पहले सेमेस्टर के लिए प्रवेश प्रक्रिया 16 जून से शुरू हो चुकी है। 12वीं पास छात्र-छात्राएं ऑनलाइन पंजीयन में जुटे हैं, और अब तक की स्थिति में गवर्नमेंट कॉलेजों को भारी प्राथमिकता मिल रही है। जिले के 15 गवर्नमेंट कॉलेजों में यूजी की 5860 सीटों के लिए 2830 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि 10 प्राइवेट कॉलेजों की 2830 सीटों के लिए 50 प्रतिशत से भी कम आवेदन आए हैं।

सबसे ज्यादा आवेदन लीड पीजी कॉलेज में मिले हैं, जहां 905 सीटों के लिए 950 छात्र-छात्राओं ने पंजीयन कराया। गवर्नमेंट मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज दूसरे स्थान पर है, जहां 500 सीटों के मुकाबले 529 आवेदन आए। कटघोरा कॉलेज में 580 सीटों के लिए 391 और हरदीबाजार कॉलेज में 545 सीटों के लिए 200 आवेदन प्राप्त हुए। कुछ संकायों में सीटों से ज्यादा आवेदन आए, तो कुछ में कम।

बायो और कॉमर्स संकाय में छात्रों की रुचि सबसे ज्यादा है। पीजी कॉलेज में बायो की 200 सीटों पर 248 और कॉमर्स की 220 सीटों पर 305 आवेदन आए। मिनीमाता गर्ल्स कॉलेज में बायो की 60 सीटों पर 183 और कॉमर्स की 160 सीटों पर 158 पंजीयन हुए। कटघोरा में बायो की 160 सीटों पर 111 और कॉमर्स की 120 सीटों पर 96, भैसमा में बायो की 80 सीटों पर 48 और कॉमर्स की 60 सीटों पर 18, हरदीबाजार में बायो की 170 सीटों पर 52 और कॉमर्स की 95 सीटों पर 49 आवेदन मिले।

प्राइवेट कॉलेजों में आवेदनों की कमी से स्पष्ट है कि छात्र-छात्राएं गवर्नमेंट कॉलेजों को प्राथमिकता दे रहे हैं। प्रवेश प्रक्रिया के अगले चरणों में मेरिट लिस्ट और काउंसलिंग के आधार पर सीटें आवंटित की जाएंगी।