कोरबा। सेवाभावी व अनाथ बच्चों को सहारा देने वाली संस्था सेवा भारती मातृछाया को 50 हजार रूपये अनुदान दिए जाने की घोषणा पूरी कर दी गई।
महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत ने निगम कार्यालय स्थित अपने कक्ष में संस्था के पदाधिकारियों को उक्त अनुदान राशि की आरटीजीएस कापी प्रदान की। संस्था के पदाधिकारियों ने महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत एवं नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय को उक्त अनुदान राशि दिए जाने हेतु धन्यवाद दिया।
कोरबा शहर में बुधवारी बाईपास रिकांडो रोड कुंआभट्टा मुख्य मार्ग पर सेवा भारती मातृछाया संस्था संचालित है, यह संस्था मातृछाया प्रकल्प के तहत 0 से 06 वर्ष आयु वर्ग के अनाथ, बेसहारा व परित्यक्त बच्चों का पालन पोषण करती है।
वर्तमान में उक्त संस्था में 14 अनाथ बच्चे रह रहे हैं, जिनका उचित पालन पोषण संस्था के द्वारा किया जा रहा है। सेवा भारती संस्था के द्वारा संपूर्ण कोरबा जिले हेतु मोक्षरथ भी संचालित किया जा रहा है तथा घर से मुक्तिधाम तक दिवंगत शरीर ले जाने की नि:शुल्क सुविधा मोक्षरथ में उपलब्ध कराई जा रही है।
विगत दिनों संस्था द्वारा आयोजित दत्तक ग्रहण कार्यक्रम में महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत द्वारा उक्त संस्था के सेवाभावी कार्यो के लिए निगम से 50 हजार रूपये अनुदान दिए जाने की घोषणा की गई थी।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
