सीतामणी क्षेत्र से हटेगा अवैध कब्जा, पुराने शहर को मिलेगी पहचान

अब एक्शन प्लान पर काम कर रहा नगर निगम

कोरबा। शहर की सुंदरता में चार चांद लगाने नगर निगम ने कमर कस ली है। सीतामणी क्षेत्र से अवैध कब्जा हटाने के साथ पुराने कोरबा शहर को पहचान देने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। निगम ने एक्शन प्लान बनाने के साथ इस पर क्रियान्वयन शुरू कर दिया है। नगर निगम का कहना है कि जहां कहीं भी गड़बड़ी है उसे हर हाल में ठीक करेंगे।

नगर निगम आयुक्त आशुतोष पांडेय की अगुवाई में निगम की एक्शन टीम पूरे लाव-लश्कर के साथ पुराने कोरबा शहर के सीतामणी क्षेत्र में पहुंची तथा सीतामणी क्षेत्र से लेकर पुराने बस स्टैंड से होते हुए कोतवाली तक डोर-टू-डोर भ्रमण करते हुए वहॉं की व्याप्त अव्यवस्थाओं, अतिक्रमण, अवैध कब्जों, फैलाई जा रही गदंगी का सघन जायजा लेते हुए व्यवस्थाओं को सुधारने का कार्य प्रारंभ किया।

एक्शन टीम के द्वारा इस दौरान उक्त पूरे मार्ग पर किए गए अनेकों दर्जन अवैध कब्जों व अतिक्रमण से मार्ग को मुक्त कराया, सामग्रियों की जप्ती की व अर्थदंड की कार्यवाही भी की गई। सीतामणी से लेकर पुराने बस स्टैंड गीतांजलि भवन व कोतवाली तक के संपूर्ण मुख्य मार्ग में सडक़ के किनारे स्थित नाली के ऊपर लोगों द्वारा अवैध रूप से निर्माण करा लिए गए हैं, इन्हीं नालियों के ऊपर विक्रय सामग्री रखकर व्यवसाय संचालित किए जा रहे हैं, नालियों के बंद होने से सफाई करने में बेहद कठिनाईयॉं उपस्थित हो रही है, नालियों में जाम लग रहा है, इसे गंभीरता से लेते हुए आयुक्त श्री पांडेय के निर्देश पर निगम की एक्शन टीम ने सभी संबंधित लोगों को नोटिस जारी किया तथा तीन दिवस के अंदर नाली के ऊपर किए गए अतिक्रमण को स्वयं हटाने के निर्देश दिए, अन्यथा की स्थिति में निगम हटाने की कार्यवाही करेगा, जिसकी सम्पूर्ण जवाबदारी संबंधित लोगों की होगी।