सक्ति। जनपद पंचायत जैजैपुर के ग्राम पंचायत अकलसरा में प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर दो सगे भाइयों के बीच हुए विवाद ने खौफनाक मोड़ ले लिया। बाराद्वार थाना क्षेत्र के इस गांव में धनीराम शिकारी ने अपने भाई मनीराम शिकारी की टांगी से हमला कर हत्या कर दी। यह घटना बीती रात घर के आंगन में हुई, जिसने पूरे गांव में सनसनी फैला दी।
जानकारी के अनुसार, परशुराम शिकारी के नाम से स्वीकृत प्रधानमंत्री आवास को लेकर धनीराम और मनीराम के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। धनीराम अपने पिता के नाम से स्वीकृत आवास को बनवाना चाहता था, जिसका मनीराम विरोध कर रहा था।
बीती रात यह विवाद गाली-गलौज से शुरू होकर हिंसक हो गया। गुस्से में आकर धनीराम ने मनीराम पर टांगी से कई बार हमला किया, जिससे मनीराम की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद धनीराम ने शव को घर की परछी में खींचकर ले गया।
मनीराम की पत्नी और पुत्र ने शव देखकर शोर मचाया, जिसके बाद ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने धनीराम के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया है।
यह घटना ग्राम पंचायत अकलसरा में चर्चा का विषय बनी हुई है, और ग्रामीणों में आक्रोश और दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677