जशपुर तिहरे हत्याकांड का पर्दाफाश: प्रेमी ने की महिला और दो बच्चों की हत्या, रांची से गिरफ्तार

जशपुर। जिले के तपकरा थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी 36 वर्षीय प्रमोद गिद्धी को झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार किया है।

आरोपी ने प्रेम प्रसंग और चरित्र शंका के चलते 36 वर्षीय सुभद्रा ठाकुर और उसके दो बच्चों (14 और 6 वर्ष) की बेल्ट से गला घोंटकर हत्या कर दी थी। हत्या के बाद शवों को तपकरा के साजबहार गांव में उतियाल नदी के किनारे दफना दिया गया था।

जशपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) शशि मोहन सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि घटना 22 जून की रात साजबहार गांव में हुई। 23 जून की सुबह पुलिस को एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति शराब के नशे में तिहरे हत्याकांड की बात कर रहा है। इस सूचना पर तपकरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और उतियाल नदी के किनारे उत्खनन कर सुभद्रा ठाकुर, उनकी 14 वर्षीय बेटी और 6 वर्षीय बेटे के शव बरामद किए।

प्रारंभिक जांच में पता चला कि सुभद्रा ठाकुर अपने पति से अलग रह रही थीं और प्रमोद गिद्धी के साथ उनके लिव-इन रिलेशनशिप में थीं। गिद्धी को सुभद्रा के चरित्र पर शक था, जिसके चलते उसने पहले सुभद्रा को जंगल में ले जाकर बेल्ट से गला घोंटा। इसके बाद उसने दोनों बच्चों को मौके पर बुलाकर उनकी भी उसी तरह हत्या कर दी। शवों को नदी किनारे रेत में अलग-अलग स्थानों पर दफना दिया गया।

घटना के बाद प्रमोद गिद्धी जशपुर छोड़कर रांची भाग गया था और वहां से दक्षिण भारत फरार होने की फिराक में था। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पांच पुलिस टीमों ने सघन सर्च ऑपरेशन चलाया। टेक्निकल सर्विलांस की मदद से गिद्धी की लोकेशन रांची में ट्रेस हुई। तपकरा पुलिस ने रांची में दबिश देकर उसे 24 जून को गिरफ्तार कर लिया। रांची से जशपुर लाते समय गिद्धी ने बताया कि उसने आत्मग्लानि में जहर खा लिया था। उसकी हालत बिगड़ने पर उसे जशपुर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी स्थिति अब स्थिर है।

पुलिस ने प्रमोद गिद्धी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या) और 238 (साक्ष्य छिपाने) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक पूछताछ में गिद्धी ने तीनों हत्याओं की बात स्वीकार कर ली है। एसएसपी ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है ताकि अन्य संभावित पहलुओं का पता लगाया जा सके। जांच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुलिस टीम को इनाम देने की घोषणा भी की गई है।

इस तिहरे हत्याकांड ने जशपुर जिले में सनसनी फैला दी है। स्थानीय लोगों ने इस घटना पर दुख और आक्रोश व्यक्त किया है। सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए जागरूकता अभियान चलाए जाएं। पुलिस ने क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है।