कोरबा जिले के लेमरू मार्ग पर स्थित कॉफी प्वाइंट, जो अपनी प्राकृतिक सुंदरता और हरियाली के लिए पर्यटकों को आकर्षित करता है, अब विवादों के केंद्र में है। आउटसोर्सिंग पर संचालित इस पिकनिक स्थल पर शराबखोरी, मारपीट और अनैतिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही हैं। हाल ही में हुई एक मारपीट की घटना ने इस स्थान की व्यवस्था और जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
लेमरू मार्ग पर कोरबा जिला मुख्यालय से 23 किलोमीटर दूर स्थित कॉफी प्वाइंट को पिछले कुछ वर्षों में एक आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया गया है। आसपास की हरियाली और प्राकृतिक सौंदर्य के कारण प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंच रहे हैं। प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 20 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है, जबकि केंटिन और अन्य सुविधाओं का लाभ लेने के लिए 2000 रुपये की रसीद कटवाना अनिवार्य है।
जानकारी के अनुसार, इस रसीद के आधार पर कपल्स या अन्य व्यक्तियों को कमरे उपलब्ध कराए जाते हैं, जहां शराब और बीयर पार्टियों के साथ अन्य संदिग्ध गतिविधियां होने की बात सामने आई है। संचालकों का रवैया यह है कि रसीद कटवाने के बाद आगंतुक जो भी करें, उससे उन्हें कोई सरोकार नहीं है। इस तरह की छूट के कारण आए दिन विवाद और तनातनी की स्थिति बन रही है।
एक सप्ताह पहले कॉफी प्वाइंट पर रात के समय शराबखोरी और विवाद के चलते मारपीट की घटना हो गई, जिसमें कोरबा का एक युवक घायल हो गया। उसे तत्काल डायल 112 की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। बालकोनगर पुलिस ने इस मामले में अपराध दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है। पुलिस के अनुसार, ऐसी घटनाएं कॉफी प्वाइंट पर चल रही अनियमितताओं का परिणाम हैं, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकती हैं।
कॉफी प्वाइंट का संचालन वनमंडल कोरबा के अंतर्गत बालको रेंज में आने वाली दुधीटांगर समिति को सौंपा गया है। हालांकि, जिस तरह से यहां शराबखोरी और अनैतिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है, उससे समिति की कार्यशैली और निगरानी पर सवाल उठ रहे हैं। यदि कोई अप्रिय घटना होती है, तो इसके लिए जवाबदेह कौन होगा, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। स्थानीय लोगों और पर्यटकों का कहना है कि बिना उचित निगरानी और नियमों के इस तरह की छूट गंभीर परिणामों को जन्म दे सकती है।
कॉफी प्वाइंट पर हो रही अनियमितताओं को देखते हुए स्थानीय निवासियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यह स्थान पर्यटन और मनोरंजन के लिए है, न कि अवैध गतिविधियों का अड्डा बनने के लिए। सुझाव दिया जा रहा है कि यहां सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाए और शराब पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाए। साथ ही, रसीद के नाम पर दी जा रही अंधाधुंध छूट को समाप्त करने की जरूरत है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
