जांजगीर-चांपा।अटल बिहारी वाजपेई ताप संयंत्र (मडवा ताप संयंत्र) में भू-स्थापित लोगों को नौकरी देने की मांग को लेकर पिछले दो महीनों से आंदोलनरत श्रमिकों का धैर्य अब टूट गया है। चरणबद्ध और अनिश्चितकालीन हड़ताल के बाद भी जिला प्रशासन, मुख्यमंत्री और मंत्रालय स्तर पर कोई ठोस समाधान न मिलने से नाराज प्रदर्शनकारियों ने आज बड़ा कदम उठाते हुए जांजगीर-चांपा के मुख्य मार्ग पर चक्का जाम कर दिया।
इस चक्का जाम के कारण मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया, जिससे आम लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। मौके पर एसडीएम, तहसीलदार और पुलिस बल पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं।
प्रदर्शनकारी संघ ने चेतावनी दी है कि जब तक भू-स्थापितों को संयंत्र में नौकरी नहीं दी जाती, तब तक आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि भूमि अधिग्रहण के समय स्थानीय लोगों को नौकरी देने का वादा किया गया था, जो अब तक पूरा नहीं हुआ।
पुलिस और प्रशासन स्थिति को नियंत्रित करने में जुटे हैं, लेकिन प्रदर्शनकारियों का गुस्सा और सड़क जाम होने से तनाव की स्थिति बनी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन से त्वरित और ठोस कार्रवाई की मांग की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















