लखनपुर में प्रेमी युगल ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पारिवारिक अस्वीकृति बनी कारण

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के लखनपुर गांव में आज सुबह एक युवक और युवती के शव पेड़ पर फांसी के फंदे पर लटके मिले। पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला मानते हुए जांच शुरू कर दी है। मृतकों की पहचान चक्रधर नागवंशी (पिता बबलू, निवासी लखनपुर) और चंदा (निवासी भैंसमा करमंदी) के रूप में हुई है।

सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बीएनएसएस की धारा के तहत मर्ग कायम कर लिया गया है। दोनों मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी गई है।

पुलिस जांच में पता चला कि चक्रधर और चंदा के बीच कुछ समय से प्रेम संबंध थे। हाल ही में दोनों ने विवाह कर लिया था और परिवार को इसकी सूचना दी थी। हालांकि, परिवार ने अज्ञात कारणों से इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। इस अस्वीकृति से आहत होकर दोनों ने आत्महत्या कर ली।

पुलिस ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है और आत्महत्या के सटीक कारणों की जांच जारी है।