आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ पर मीसा बंदियों का सम्मान

कोरबा।आपातकाल की 50वीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आज कलेक्ट्रेट में मीसा बंदियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर कलेक्टर अजीत वसंत ने आपातकाल के दौरान मीसा के तहत जेल गए स्वतंत्रता सेनानियों और लोकतंत्र रक्षकों को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में कलेक्टर श्री वसंत ने कहा कि मीसा बंदियों ने आपातकाल के कठिन दौर में लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है। उन्होंने मीसा बंदियों से आपातकाल के दौरान के अनुभवों के बारे में भी जानकारी ली।

मीसा बंदी मूरित राम साहू ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि आपातकाल के समय वे कॉलेज में छात्रनेता थे। रैली निकालने के कारण उन्हें जेल जाना पड़ा और 16 माह तक जेल में रहना पड़ा। वहीं, मीसा बंदी स्व. एल.एन. कड़वे की पत्नी श्रीमती उर्मिला कड़वे ने आपातकाल की पीड़ा और संघर्ष को रेखांकित किया।

कार्यक्रम में अपर कलेक्टर मनोज कुमार बंजारे, मीसा बंदी परिवार के सदस्य और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। यह आयोजन लोकतंत्र के प्रति समर्पण और बलिदान को याद करने का एक भावपूर्ण अवसर रहा।