24वीं छत्तीसगढ़ जूनियर रैंकिंग बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए टीम चयन 29 जून को

कोरबा जिला बैडमिंटन एसोसिएशन 24वीं छत्तीसगढ़ राज्य जूनियर रैंकिंग प्रतियोगिता के लिए जिला टीम का चयन करने हेतु सिलेक्शन टूर्नामेंट का आयोजन कर रहा है। यह टूर्नामेंट 29 जून को सुबह 9 बजे से साडा कॉलोनी, निहारिका स्थित एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के बैडमिंटन कोर्ट में होगा। 19 वर्ष से कम आयु के बालक और बालिका खिलाड़ी इस चयन स्पर्धा में भाग ले सकेंगे।

जिला बैडमिंटन एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक शर्मा ने बताया कि छत्तीसगढ़ बैडमिंटन एसोसिएशन के दिशा-निर्देशों के तहत यह सिलेक्शन टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है। इसमें एकल वर्ग (सिंगल्स) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन कोरबा जिला टीम के लिए किया जाएगा।

एसोसिएशन के सचिव गोपाल शर्मा ने बताया कि इच्छुक खिलाड़ियों को अपनी प्रविष्टि 27 जून तक उनके पास जमा करानी होगी। प्रविष्टि जमा करने के लिए खिलाड़ी उनसे सीधे संपर्क कर सकते हैं। यह टूर्नामेंट जिले के युवा बैडमिंटन खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और राज्य स्तर पर कोरबा का प्रतिनिधित्व करने का सुनहरा अवसर है।