कोरबा।कटघोरा सबडिवीजन में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत राशन वितरण में तकनीकी समस्याओं ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पुरानी राशन वितरण मशीनों को वापस लेकर छोटी मशीनें उपलब्ध कराई गई हैं, लेकिन ओटीपी और अन्य प्रक्रियाओं में दिक्कतों के कारण लोग हफ्तों से राशन के लिए भटक रहे हैं।
कटघोरा नगर और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में राशन दुकानों पर सबसे अधिक परेशानी देखी जा रही है। जून में घोषित ‘चावल उत्सव’ के तहत अगले तीन महीनों का राशन एक साथ देने की योजना ने लोगों में उत्साह जगाया था, लेकिन नई तकनीकी व्यवस्था लागू होने के बाद समस्याएं बढ़ गई हैं। पहले एक दिन में मिलने वाला राशन अब सात दिनों की प्रतीक्षा और घंटों की मेहनत के बाद भी कई लोगों को नहीं मिल पा रहा।
लोगों ने बताया कि राशन वितरण की एंट्री के लिए पहले उपलब्ध संसाधनों को वापस ले लिया गया और नई मशीनें दी गई हैं, जो ठीक से काम नहीं कर रही हैं। एक-एक दुकान में 200 से 250 राशन कार्ड जाम हो गए हैं, जिससे स्थिति और जटिल हो गई है। कई लोग डर रहे हैं कि कहीं उनका राशन कोटा लैप्स न हो जाए।
नागरिकों का कहना है कि बार-बार दुकानों के चक्कर काटने के बावजूद राशन नहीं मिल रहा, जिससे उनकी दिनचर्या प्रभावित हो रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि राशन वितरण प्रणाली को तुरंत सुधारा जाए और तकनीकी समस्याओं का समाधान कर राशन वितरण को सुगम बनाया जाए।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677















