सिंगरौली में युवती की दुष्कर्म के बाद हत्या, पुलिस की लापरवाही के खिलाफ चक्का जाम

कोरबा। जिले के हरदी बाजार थाना क्षेत्र की एक युवती की मध्यप्रदेश के सिंगरौली जिले के मोरवा थाना क्षेत्र में कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया है।

मृतका के परिजनों ने मध्यप्रदेश पुलिस पर लापरवाही का गंभीर आरोप लगाया है। परिजनों के अनुसार, शव तीन दिनों तक मोरवा के एक अस्पताल के बाहर रखा रहा, लेकिन स्थानीय डॉक्टरों ने पोस्टमॉर्टम करने से इनकार कर दिया। इसके बाद शव को रीवा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।

परिजनों ने बताया कि जब वे मोरवा थाना में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे, तो पुलिस ने दुष्कर्म के आरोप को दर्ज करने से मना कर दिया और उन्हें थाने से भगाने का प्रयास किया।

चार दिन बीतने के बावजूद न तो पोस्टमॉर्टम पूरा हुआ और न ही मामले में कोई ठोस कार्रवाई हुई। इससे आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए।

शव लेकर चक्का जाम, दोबारा पोस्टमॉर्टम की मांग

परिजन शव को लेकर कोरबा के अपने गांव पहुंचे, जहां ग्रामीणों के साथ मिलकर उन्होंने हरदी बाजार के आमगांव चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।

परिजनों ने कोरबा पुलिस से दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने और मध्यप्रदेश पुलिस से समन्वय कर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। इस प्रदर्शन से कोरबा पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

पुलिस की चुप्पी, जांच का इंतजार

मोरवा थाना पुलिस ने इस मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। रीवा मेडिकल कॉलेज में शव का पोस्टमॉर्टम होने के बाद मामले की सच्चाई सामने आने की उम्मीद है। इस घटना ने मध्यप्रदेश और कोरबा पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन और ग्रामीण दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।