दुर्ग जिले में पाटन क्षेत्र के ग्राम खम्हरिया में मां-बेटे की हत्या के मामले का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। रायपुर की रहने वाली सुनीता चतुर्वेदी (32) और उनके 8 वर्षीय बेटे काव्यांश की हत्या सुनीता के प्रेमी छत्रपाल सिंगौर और उसके चचेरे भाई शुभम सिंगौर ने मिलकर की थी। दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि सुनीता और छत्रपाल की दोस्ती इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई। छत्रपाल ने शादी का झांसा देकर सुनीता का शारीरिक शोषण किया। सुनीता ने बताया था कि उसके पति की मृत्यु हो चुकी है और वह अपने बेटे के साथ रायपुर में माता-पिता के साथ रहती है। इस दौरान छत्रपाल ने डेढ़ माह पहले दूसरी लड़की से शादी कर ली। जब सुनीता ने साथ रहने का दबाव बनाया, तो छत्रपाल ने अपने भाई शुभम के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
18 जून 2025 को छत्रपाल ने सुनीता को अपने गांव खम्हरिया बुलाया। उसने सुनीता और उसके बेटे को स्कूटी से खेत पर ले जाकर गला दबाकर हत्या कर दी। साक्ष्य मिटाने के लिए दोनों शवों को अलग-अलग साड़ियों में लपेटकर, बोरी में डालकर और पत्थर बांधकर अलग-अलग कुओं में फेंक दिया।
सुनीता और उसके बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट रायपुर के सिविल लाइन थाने में दर्ज थी। अमलेश्वर पुलिस ने तफ्तीश के दौरान शवों को बरामद किया और परिजनों ने उनकी पहचान की।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने छत्रपाल सिंगौर और शुभम सिंगौर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामले की गहन जांच जारी है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















