शासकीय भूमि पर अवैध निर्माण हटाया, नगर निगम ने रामपुर में की कार्रवाई, अतिक्रमणकर्ता पर FIR

कोरबा जिला प्रशासन शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कटिबद्ध है। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर नगर निगम कोरबा की अतिक्रमण दस्ता टीम ने रामपुर के आईटीआई चौक के समीप हनुमान मंदिर के पास शासकीय भूमि पर किए गए अवैध निर्माण को हटाकर बेदखली की कार्रवाई की।

अतिक्रमणकर्ता राजेंद्र सिंह ठाकुर, पिता दिलहरन सिंह, और दिलहरन सिंह, पिता स्नेही सिंह, द्वारा नजूल भूमि पर अवैध निर्माण कर कब्जा किया गया था। नगर निगम की टीम ने बेजा कब्जा हटाने के बाद सिविल लाइन थाना रामपुर में बीएनएसएस की धारा 126 और 135(3) के तहत अतिक्रमणकर्ताओं के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई दर्ज की।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ सतत कार्रवाई जारी रहेगी।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नजूल भूमि को अतिक्रमण मुक्त रखने के लिए नियमित निगरानी और सख्ती बरती जाए। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन के कड़े रुख का संदेश गया है।