शक्ति नगर रोड बन रहा हादसों का गढ़, ट्रेलर पलटने से चालक घायल, सतर्कता की जरूरत

कोरबा जिले का शक्ति नगर रोड अब हादसों का पर्याय बनता जा रहा है। कॉलोनी का मुख्य मार्ग हो या बायपास रोड, दोनों ही जगहों पर घुमावदार मोड़ लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं। बीते रविवार देर रात शक्ति नगर बायपास मार्ग पर रेलवे कॉलोनी के पास एक ट्रेलर (CG 04 PC 8004) अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसमें चालक को मामूली चोटें आईं।

इस मार्ग पर यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ दिन पहले कॉलोनी मार्ग पर एक महिंद्रा थार पलट गई थी, वहीं इस सप्ताह एक बोलेरो सड़क से नीचे उतरकर पेड़ से टकरा गई, जिसमें कई लोग घायल हुए। बीते माह इसी रोड पर हुई कार दुर्घटना में कोरबा के दो शिक्षकों की मौत हो गई थी।

शक्ति नगर मार्ग के घुमावदार मोड़ और तेज रफ्तार वाहन चालकों की लापरवाही इन हादसों की प्रमुख वजह बन रही है। स्थानीय लोगों और पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस मार्ग पर नियंत्रित गति में वाहन चलाएं और सतर्कता बरतें। प्रशासन से भी इस मार्ग पर सुरक्षा उपायों, जैसे स्पीड ब्रेकर और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग उठ रही है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।