कोरबा। उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत उरगा-सरगबुन्दिया रेलवे स्टेशन के बीच एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां 22 वर्षीय युवक राजेश्वर कुमार पटेल ने चलती मालगाड़ी के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मालगाड़ी के चालक ने तुरंत इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी, जिसके बाद उरगा थाना पुलिस और रेलवे आरपीएफ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
लंबी तलाश के बाद मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी शिनाख्त करमंदी निवासी राजेश्वर कुमार पटेल के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचित किया, जिसके बाद मृतक का भाई और अन्य रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि राजेश्वर सुबह 8 बजे की तरह मोटरसाइकिल से काम पर निकला था। उन्हें लगा कि वह समय पर घर लौट आएगा, लेकिन फोन पर उसकी आत्महत्या की खबर मिली।
परिजनों के अनुसार, राजेश्वर के पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है, और वह अपनी बूढ़ी मां और छोटे भाई के साथ रहता था। पिछले तीन साल से वह एक कंपनी में मजदूरी कर परिवार का खर्च चला रहा था। मृतक के दोस्त ने बताया कि राजेश्वर रोजाना उसके साथ बाइक पर काम पर जाता था। घटना वाले दिन सुबह दोनों ने मुलाकात की, सामान्य बातचीत की, और हंसी-मजाक के बाद राजेश्वर अकेले ही बाइक से चला गया।
मालगाड़ी के चालक ने बताया कि उसने हॉर्न बजाकर और आवाज देकर राजेश्वर को रोकने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन की रफ्तार तेज होने और युवक के अचानक सामने कूदने के कारण हादसा टल नहीं सका। सिर में गंभीर चोट लगने से राजेश्वर की मौके पर ही मौत हो गई। उरगा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और यह जांच कर रही है कि राजेश्वर ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
घटना ने स्थानीय समुदाय में शोक की लहर दौड़ा दी है। पुलिस और आरपीएफ संयुक्त रूप से मामले की गहन जांच में जुटी है, ताकि आत्महत्या के कारणों का पता लगाया जा सके।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















