बुधवारी बस्ती में घरेलू विवाद ने लिया हिंसक रूप, पुलिस ने संभाला मोर्चा

कोरबा। बुधवारी बस्ती इलाके में बीती रात घरेलू विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक पति-पत्नी के बीच चल रही अनबन के बीच पति ने पत्नी को दो युवकों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा, जिसके बाद मारपीट शुरू हो गई। स्थिति बिगड़ने पर डायल 112 और सिविल लाइन पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को नसीहत दी। पुलिस ने आगे की कार्रवाई की बात कही है।

घटना रविवार रात करीब 10:30 बजे सीएसईबी चौकी क्षेत्र अंतर्गत बुधवारी बस्ती में हुई। जानकारी के मुताबिक, एक विवाहित महिला अपने परिजनों के साथ यहां रह रही थी, जबकि उसका पति कुसमुंडा के कुचैना में रहता था। कुछ समय पहले हुए विवाद के बाद पत्नी नाराज होकर बुधवारी बस्ती आ गई थी। कई बार सुलह के प्रयास हुए, लेकिन वह वापस नहीं गई। रविवार रात पति अचानक पत्नी से मिलने पहुंचा और उसे दो युवकों के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देखा। गुस्से में आकर उसने मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी।

डायल 112 और सिविल लाइन पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और दोनों पक्षों से बात की। पुलिस ने पति को समझाया कि इस तरह मारपीट करना गलत है और उसे शिकायत दर्ज करानी चाहिए या कानूनी रास्ता अपनाना चाहिए। काफी देर की नसीहत के बाद स्थिति को शांत किया गया। इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।

किराएदारों के सत्यापन पर सवाल

कोरबा में लंबे समय से किराएदारों के सत्यापन को लेकर पुलिस की कार्रवाई चर्चा में रही है। खासकर स्लम क्षेत्रों में मकान मालिकों से किराएदारों की जानकारी और दस्तावेजों की जांच हो रही है।

लेकिन इस घटना ने सत्यापन प्रक्रिया की खामियों को उजागर कर दिया है। कहा जा रहा है कि पुलिस अब किराएदारों के साथ-साथ मकान मालिकों पर भी सख्ती बढ़ा सकती है, ताकि ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।