कोरबा। कोरबा-बालको वन परिक्षेत्र के जंगलों में अवैध मिट्टी उत्खनन के मामले में वन विभाग की सतर्कता से बड़ा खुलासा हुआ है। पूर्व में जब्त की गई एक जेसीबी मशीन, जो अज्ञात लोगों द्वारा वन विभाग के कार्यालय परिसर से चोरी कर ली गई थी, अब कुसमुंडा खदान क्षेत्र से बरामद कर ली गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यह साजिश वाहन मालिक के इशारे पर रची गई थी।
जानकारी के अनुसार, 3 जून 2025 की देर रात बालको रेंज के वनरक्षक दिलीप सिंह ठाकुर अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इस दौरान सराईपाली ग्राम के जंगल (कक्ष क्रमांक ओए 1243) में एक जेसीबी मशीन से अवैध मिट्टी खनन हो रहा था। मशीन ऑपरेटर वैध दस्तावेज दिखाने में असफल रहा, जिसके बाद जेसीबी को जब्त कर बालको वन परिक्षेत्र कार्यालय परिसर में रखा गया। लेकिन कुछ ही दिनों बाद, रात 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात लोग परिसर में घुसकर जेसीबी को ले गए। इस घटना की शिकायत वनरक्षक ने बालको थाने में दर्ज कराई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वनमंडलाधिकारी मयंक अग्रवाल के निर्देश पर एसडीओ आशीष खेलवार और बालको वन परिक्षेत्र अधिकारी जयंत सरकार के नेतृत्व में जांच शुरू हुई। मुखबिर की सूचना पर पता चला कि जेसीबी कुसमुंडा खदान क्षेत्र में संचालित हो रही है। वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से जेसीबी बरामद कर ली।
बालको वन परिक्षेत्र अधिकारी जयंत सरकार ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि रुमगरा निवासी वाहन मालिक के निर्देश पर ही जेसीबी को परिसर से चोरी किया गया था। वन विभाग अब सख्त कार्रवाई करते हुए जेसीबी को राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर चुका है। इस घटना ने प्रशासनिक सुरक्षा और अवैध खनन पर लगाम लगाने की चुनौतियों को फिर से उजागर किया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















