कोरबा-बांकीमोंगरा। नगर पालिका परिषद बांकीमोंगरा के वार्ड नंबर 03, मोंगरा बस्ती में भीमसेन मंदिर के पास एक सूखा बरगद का पेड़ लंबे समय से खतरे का सबब बना हुआ था। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत नगर पालिका परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सी.एम.ओ.) से कई बार की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
परिणामस्वरूप, 17 जून 2025 को पेड़ का एक हिस्सा टूटकर किसान मनोज दास उर्फ मंगलू दास के घर पर गिर गया, जिससे उनका मकान और सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उनके नाबालिग बेटे आलोक दास को भी चोटें आईं।
स्थानीय लोगों ने सी.एम.ओ. और संबंधित अधिकारियों पर कर्तव्य में लापरवाही और जानबूझकर उपेक्षा का आरोप लगाया है। कई पत्राचार और सुशासन तिहार में शिकायत के बावजूद पेड़ को नहीं हटाया गया, जिसे जन-धन के लिए खतरा बताया जा रहा है।
पीड़ितों ने बांकीमोंगरा थाने में शिकायत दर्ज करने की कोशिश की, लेकिन थाने द्वारा आवेदन लेने से इनकार करने पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी गई।
वार्डवासियों ने मांग की है कि सी.एम.ओ. सहित जिम्मेदार अधिकारियों पर विधिसम्मत कार्रवाई हो और नुकसान की भरपाई की जाए। उनका कहना है कि यह घटना प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि मानवीय लापरवाही का परिणाम है।
पालिका की ओर से 5000 रुपये की मदद
घटना के बाद 18 जून को वार्डवासियों ने पालिका कार्यालय का घेराव करने की योजना बनाई थी। इसे रोकने के लिए पालिका अध्यक्ष, भाजपा नेता, और अन्य अधिकारी पीड़ित के घर पहुंचे। पालिका अध्यक्ष ने 5000 रुपये की तात्कालिक सहायता दी और पटवारी से नुकसान का आकलन कराया। हालांकि, यह राहत कितनी प्रभावी होगी, यह समय बताएगा।
लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि पेड़ को जल्द नहीं हटाया गया, तो भविष्य में और हादसे हो सकते हैं। इस मामले में पुलिस और प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की जा रही है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
