कोरबा में अवैध रेत खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, वाहन जब्त, नए नियम जारी

कोरबा। जिला प्रशासन कोरबा ने अवैध रेत खनन के खिलाफ कड़ा कदम उठाते हुए एक बड़ी कार्रवाई की है। शहर के सीतामढ़ी रेत घाट के पास मुख्य मार्ग पर खनिज, परिवहन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने छापा मारा। इस कार्रवाई में दो जेसीबी मशीन, तीन बिना नंबर प्लेट वाले ट्रैक्टर और एक टिपर जब्त किए गए।

कार्रवाई के दौरान वाहन मालिकों ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया, लेकिन प्रशासन ने उनकी एक न सुनी और कार्रवाई को जारी रखा। एसडीएम सरोज महिलांगे ने बताया कि यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देश पर की गई है और पूरे छत्तीसगढ़ में ऐसी कार्रवाइयां चल रही हैं। उन्होंने कहा कि बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों पर परिवहन विभाग अलग से कार्रवाई करेगा।

इसके साथ ही, कोरबा जिला कलेक्टर अजीत वसंत ने अवैध खनन और यातायात नियंत्रण के लिए नए आदेश जारी किए हैं। नए नियमों के तहत, नया बस स्टैंड चौक से टी.पी. नगर चौक तक बसों और ट्रैक्टरों का संचालन शाम 5 बजे से अगले आदेश तक प्रतिबंधित रहेगा।

निर्माण सामग्री ले जाने वाले ट्रैक्टर अब सीतामढ़ी से ओवर ब्रिज होकर राताखार, तुलसी नगर स्टेडियम और सीएसईबी चौक से मुड़ापार निहारिका की ओर जा सकेंगे। उनकी वापसी भी इसी मार्ग से होगी।

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध रेत खनन और नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।