कोरबा में उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश की दौड़ शुरू, अटल विश्वविद्यालय में 50% से अधिक सीटों पर पंजीयन

कोरबा। हायर सेकेंडरी परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद कोरबा के विद्यार्थियों ने उच्च शिक्षा के लिए प्रवेश की तैयारियां शुरू कर दी हैं। अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय (एयू), बिलासपुर ने स्नातक और स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीयन पोर्टल शुरू किया है। पोर्टल खुलने के मात्र तीन दिनों में ही जिले के शासकीय महाविद्यालयों में स्नातक की 5808 सीटों में से 2867 के लिए आवेदन प्राप्त हो चुके हैं, जो कुल सीटों का आधे से अधिक है।

जिले में एयू से संबद्ध 24 शासकीय और निजी महाविद्यालय संचालित हैं, जहां राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत बीए, बीएससी (गणित और जीव विज्ञान), बी.कॉम, बीसीए सहित अन्य डिग्री और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।

स्नातकोत्तर स्तर के विभिन्न संकायों में भी पंजीयन शुरू हो गया है। शहरी क्षेत्रों और बेहतर संसाधनों वाले महाविद्यालयों में आवेदनों की संख्या अधिक है,जबकि नवीन महाविद्यालयों में विद्यार्थियों की रुचि कम दिख रही है।

शासकीय पीजी कॉलेज, कटघोरा और हरदीबाजार जैसे कॉलेजों में इस बार भी सीटों के लिए कड़ा मुकाबला होने की संभावना है।

छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 12वीं कक्षा में 7507 विद्यार्थी और केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा मंडल (सीबीएसई) की हायर सेकेंडरी परीक्षा में 4000 से अधिक विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। ये सभी अब उच्च शिक्षा के लिए उत्साहित हैं।

अंग्रेजी माध्यम के विद्यार्थियों की मजबूरी

स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम महाविद्यालय में इस वर्ष भी बीएससी जीव विज्ञान संकाय शुरू नहीं हुआ है। इससे जिले के लगभग 15 अंग्रेजी माध्यम स्कूलों के विद्यार्थियों को या तो हिन्दी माध्यम महाविद्यालयों में प्रवेश लेना होगा या अन्य संकाय चुनकर पढ़ाई जारी रखनी होगी। इस स्थिति से विद्यार्थी परेशान हैं। इस महाविद्यालय में बीए (90 सीटें), बीएससी गणित (120 सीटें) और बी.कॉम (60 सीटें) में प्रवेश के लिए पंजीयन शुरू हो चुका है।

विद्यार्थियों का कहना है कि सीमित विकल्पों के कारण उन्हें अपनी पसंद के संकाय में पढ़ाई करने में चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है। प्रशासन और विश्वविद्यालय से मांग की जा रही है कि अंग्रेजी माध्यम महाविद्यालयों में और संकाय शुरू किए जाएं।