भू-माफिया की गुंडागर्दी, निगम की जमीन पर कब्जे के लिए मारपीट, CCTV में कैद हुई वारदात

कोरबा ऊर्जाधानी, में भू-माफिया बेलगाम हो गए हैं। शनिवार को कोतवाली थाना क्षेत्र के सरस्वती शिशु मंदिर के पीछे निगम की खाली पड़ी जमीन पर कब्जे का सनसनीखेज मामला सामने आया। आरोपी जेसीबी लेकर जमीन पर कब्जा करने पहुंचे और विरोध करने वाले कब्जाधारी युवक की बेरहमी से पिटाई कर दी।

मारपीट की पूरी घटना पास के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस घटना ने शहर में भू-माफियाओं के बढ़ते दबदबे और कानून के प्रति उनके बेख़ौफ़ रवैये को उजागर कर दिया है।

कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पीड़ित विनोद साहू और उनके बेटे की शिकायत पर मनोज चौहान, बिट्टू चौहान और पिंटू चौहान के खिलाफ मारपीट का अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुट गई है।