कोरबा।: करतला थाना क्षेत्र के सकदुक्ला में शनिवार शाम करीब 6 बजे एक भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक दादर बस्ती, मानिकपुर चौकी क्षेत्र के निवासी थे और रिश्तेदार थे। हादसे की सूचना मिलते ही करतला पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक रामायण सिंह राठिया (43), सादराम राठिया (48) और सुख सिंह राठिया (40) बाइक पर सवार होकर कोटमेर रामपुर से रिश्तेदारी में भात खाने के बाद दादर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी तेज रफ्तार बाइक के सामने अचानक मवेशी आ गया, जिससे टकराने के बाद तीनों करीब 10 फीट दूर जा गिरे।
रामायण और सादराम की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सुख सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें जिला मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
मृतक मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस हादसे से दादर बस्ती में शोक की लहर दौड़ गई है और गांव में सन्नाटा पसर गया है। दो मृतकों का पोस्टमार्टम करतला में और एक का कोरबा जिला मेडिकल कॉलेज में किया गया। पोस्टमार्टम के बाद तीनों शवों को दादर लाया जाएगा, जहां उनकी एक साथ अंतिम शव यात्रा निकाली जाएगी।
कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह हादसा सड़क पर मवेशियों की मौजूदगी के कारण हुआ।
शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मवेशियों के कारण आए दिन होने वाली दुर्घटनाओं ने कई लोगों की जान ले ली है और कई घायल हुए हैं। इस घटना के बाद प्रशासन से सड़कों से मवेशियों को हटाने की मांग फिर से तेज हो गई है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677
















