रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने सरकारी अस्पतालों में मीडिया कवरेज पर प्रतिबंध लगाने वाले स्वास्थ्य विभाग के आदेश को तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस आदेश पर कड़ी नाराजगी जताते हुए प्रशासनिक अधिकारियों को इसे रद्द करने और भविष्य में ऐसी स्थिति न उत्पन्न हो, यह सुनिश्चित करने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं।
सूत्रों के अनुसार, जैसे ही यह आदेश मुख्यमंत्री के संज्ञान में आया, उन्होंने त्वरित कार्रवाई करते हुए इसे रद्द करने का आदेश दिया। सहज और सरल स्वभाव के लिए जाने जाने वाले मुख्यमंत्री ने इस मामले में असामान्य रूप से तल्ख रुख अपनाया और अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि ऐसी अप्रिय स्थिति दोबारा न हो।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी इस आदेश में सरकारी अस्पतालों में मीडिया कवरेज पर कई तरह के प्रतिबंध लगाए गए थे, जिसका पत्रकार संगठनों ने तीखा विरोध किया। पत्रकारों ने आदेश की प्रति जलाकर प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की थी। पत्रकारों की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए मुख्यमंत्री साय ने त्वरित कार्रवाई की और आदेश को रद्द करवाया।
पत्रकार संगठनों ने मुख्यमंत्री के इस कदम का स्वागत किया है और इसे प्रेस की स्वतंत्रता के लिए सकारात्मक निर्णय बताया है। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर मुख्यमंत्री के संवेदनशील और निर्णायक नेतृत्व को उजागर किया है।
Editor – Niraj Jaiswal
Mobile – 9754876042
Email – urjadhaninewskorba@gmail.com
Address – Press Complex, T.P. Nagar, Korba C.G. 495677