अशासकीय विद्यालय संघ का संकल्प, 11 लाख पीपल के पेड़ लगाने के साथ वाटर हार्वेस्टिंग और जैविक खेती पर जोर

रायपुर/कोरबा। छत्तीसगढ़ राज्य अशासकीय विद्यालय संघ ने पर्यावरण संरक्षण के लिए बड़ा कदम उठाते हुए 11 लाख 11 हजार 111 पीपल के वृक्ष लगाने का संकल्प लिया है। इसके साथ ही सभी निजी विद्यालयों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम स्थापित करने और बच्चों को गौ-आधारित जैविक खेती के प्रति जागरूक करने का निर्णय लिया गया। इस पहल की मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जमकर सराहना की।

रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में ‘फाइट अगेंस्ट ग्लोबल वार्मिंग’ अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया।

उन्होंने अशासकीय विद्यालय संचालन संघ के इस पर्यावरण संरक्षण प्रयास की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। कार्यक्रम में राज्य के 2500 निजी विद्यालयों ने हिस्सा लिया।

कोरबा जिले से आर्यन पब्लिक स्कूल के संचालक व छत्तीसगढ़ राज्य अशासकीय विद्यालय संचालन संघ के प्रदेश उपाध्यक्ष अजय कुमार दुबे और सहसचिव अक्षय दुबे ने आयोजन में विशेष भूमिका निभाई।