जल संरक्षण के लिए सामुदायिक प्रयास, तालाब गहरीकरण में ग्रामीणों का श्रमदान

कोरबा/पाली। ग्राम पंचायत पुटा में जल संरक्षण और भू-जल स्तर बढ़ाने के लिए ग्रामीणों ने सामुदायिक प्रयास शुरू किया है। गांव के मिलनमुड़ा तालाब के गहरीकरण और मेढ़ की मरम्मत के लिए सरपंच दिलाराम नेताम की पहल पर ग्रामीणों ने श्रमदान किया, ताकि बारिश का पानी संरक्षित हो और निस्तारी व सिंचाई की समस्या हल हो।

पिछले साल भारी बारिश के कारण तालाब की मेढ़ टूट गई, जिससे पानी बह गया और तालाब सूख गया। मनरेगा के तहत बीते माह जनपद पंचायत ने तालाब का गहरीकरण कराया, लेकिन बजट की कमी के कारण काम अधूरा रहा।

इसे देखते हुए सरपंच ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर तालाब के विस्तार, गहरीकरण और मेढ़ को ऊंचा करने का निर्णय लिया। ग्रामीणों ने बताया कि तालाब पहले बारहमासी पानी उपलब्ध कराता था, जो निस्तारी के लिए जरूरी था। श्रमदान के जरिए अब तालाब को और गहरा किया जा रहा है, ताकि बारिश का पानी रुके और भू-जल स्तर बढ़े।

ग्रामीणों को विश्वास है कि इस प्रयास से तालाब में पर्याप्त पानी रुकेगा, जिससे निस्तारी और किसानों की सिंचाई जरूरतें पूरी होंगी। यह सामुदायिक पहल जल संरक्षण और ग्रामीण विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।