हनुमान मंदिर में जहरीले नाग सांप के दिखने से हड़कंप, स्नेक कैचर टीम ने किया रेस्क्यू

कोरबा।एसईसीएल हेलीपैड स्थित हनुमान मंदिर में शुक्रवार रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मंदिर के मेन गेट पर एक 5 फीट लंबा जहरीला नाग सांप फन फैलाए बैठा दिखाई दिया। घटना रात करीब 9 बजे की है, जब पुजारी मंदिर बंद करने की तैयारी कर रहे थे।

पुजारी ने जैसे ही सांप को देखा, तुरंत स्नेक कैचर टीम को सूचना दी। स्नेक कैचर उमेश यादव और अतुल सोनी ने मौके पर पहुंचकर सावधानीपूर्वक सांप को पकड़ा और उसका सफल रेस्क्यू किया। रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया गया।

स्नेक कैचर उमेश यादव ने बताया कि यह नाग सांप अत्यंत जहरीला होता है और इसका काटना जानलेवा हो सकता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर कहीं सांप दिखे तो घबराएं नहीं और तुरंत रेस्क्यू टीम को सूचित करें।

इस घटना के बाद मंदिर परिसर में कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा, लेकिन स्नेक कैचर टीम की त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में आ गई। स्थानीय लोगों ने रेस्क्यू टीम की तारीफ की और उनकी सतर्कता की सराहना की।