628वीं जयंती मनाई कबीर दास की, निकली शोभायात्रा

कोरबा। सामाजिक क्रांति को लेकर विशेष भूमिका निभाने वाले संत कबीर दास को उनकी 628वीं जयंती पर कोरबा नगर और जिले में आज याद किया गया। कबीर पंथ का अनुसरण करने वाले वर्ग के द्वारा विभिन्न स्थान पर कार्यक्रम किए गए।

इस अवसर पर कबीर दास के द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर एक शोभायात्रा शारदा विहार से निकाली गई जिसमें समाज के काफी लोग शामिल हुए।

गेवरा बस्ती कुसमुंडा, कबीर आश्रम पुरानी बस्ती कोरबा, पोड़ीबहार और शारदा विहार क्षेत्र में कबीर पंत को मानने वाले लोगों ने धूमधाम से जयंती मनाई। कार्यक्रम स्थल पर परंपरागत रूप से श्वेत ध्वज फहराया गया। इसके साथ चौका आरती की गई। कबीर सत्संग में लोगों ने हिस्सा लिया।

कबीर साहेब की साखी और उनके प्रेरक वचनों के माध्यम से लोगों का मार्गदर्शन किया गया। मुख्य रूप से उन बातों पर जोर दिया गया जिन्होंने कबीर दास को व्यापक क्षेत्र में अलग पहचान दी।

वे व्यर्थ के आडंबर, पाखंड और सामाजिक, धार्मिक कुरीतियों के विरुद्ध थे। जयंती दिवस को उनके विचारों और उसके पीछे की प्रासंगिकता को भी याद किया गया।