भाजपा नेता नटवरलाल शर्मा के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध

कोरबा। करतला ब्लॉक में रेत खदान को लेकर हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। करतला थाना में वरिष्ठ भाजपा नेता नटवरलाल शर्मा के खिलाफ कुदमुरा पंचायत की पंच गीता यादव ने अपराध दर्ज कराया है। दूसरी ओर, नटवरलाल शर्मा ने भी गीता यादव के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज की है।

गीता यादव ने अपनी शिकायत में बताया कि 6 जून 2025 को वह मांड नदी के पास घरेलू कार्य के लिए रेत लेने गई थीं। वहां मौजूद नटवरलाल शर्मा ने उनकी गाड़ी को रेत देने से मना कर दिया और कहा, “मेरा खदान है, मैं जिसे चाहूं उसे रेत दूंगा।” विरोध करने पर नटवरलाल ने कथित तौर पर गाली-गलौज, चारित्रिक लांछन और जान से मारने की धमकी दी। गीता के अनुसार, इस दौरान संजू लहरे, द्वारका राठिया, एक नगर सैनिक और अन्य ग्रामीण मौजूद थे। इस घटना से अपमानित महसूस कर गीता ने 8 जून को थाने में शिकायत दर्ज की। पुलिस ने नटवरलाल शर्मा के खिलाफ धारा 296 और 351(3) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

वहीं, नटवरलाल शर्मा ने भी गीता यादव के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 6 जून को रेत खदान पर महेश राठिया से बातचीत के दौरान गीता यादव ने उन्हें रेत देने से मना किया और गाली-गलौज करते हुए “दलाल” कहा। इस दौरान मिथिलेश गुप्ता और चंद्रप्रकाश दीवान मौजूद थे।

यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का विषय बना हुआ है, और पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों की जांच कर रही है।