अमलीपारा गाँव में जल जीवन मिशन ने खत्म की पानी की समस्या

कोरबा विकासखंड के अंतर्गत दूरस्थ ग्राम पंचायत गिरारी के आश्रित गाँव अमलीपारा में अब पानी की समस्या इतिहास बन चुकी है। जल जीवन मिशन के तहत घर-घर नल कनेक्शन लगने से गाँववासियों को इस गर्मी में जलसंकट का सामना नहीं करना पड़ा। लोहार दंपति भारत और सुनीता लोहार सहित गाँव के अन्य निवासियों के लिए यह राहत की सांस लेकर आया है, जिन्हें पहले गर्मी के मौसम में पानी की एक-एक बूंद के लिए जूझना पड़ता था।

पहले गर्मी के दिनों में गाँव के लोग ढोढ़ी से पानी लाने को मजबूर थे। सुनीता लोहार ने बताया कि बारिश और अन्य मौसम में पानी की समस्या कम रहती थी, लेकिन गर्मी में सभी को पानी के लिए संघर्ष करना पड़ता था। इस दौरान महिलाओं, पुरुषों और बच्चों को भी पानी लाने में कठिनाई होती थी। भारत लोहार, जो दिन भर लोहे को गर्म कर उसे धार देते हैं, ने कहा कि पहले पानी की तलाश में उनका काम प्रभावित होता था। अब नल कनेक्शन से घर में ही स्वच्छ पानी उपलब्ध होने से उनकी परेशानी खत्म हो गई है।

जल जीवन मिशन के तहत गाँव में सुबह-शाम नियमित पानी की आपूर्ति होने से लोग अपनी जरूरतों के हिसाब से पानी इकट्ठा कर लेते हैं। भारत और सुनीता ने इस सुविधा के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे गाँव के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। गाँववासियों का कहना है कि पानी की समस्या का समाधान उनके जीवन को आसान बनाने के साथ-साथ उनकी मेहनत और समय की भी बचत कर रहा है।